त्योहारों के सीजन खासकर दीपावली (Diwali) और छठ पूजा (Chhath Puja) के दौरान ट्रेनों में सीटें फुल हो जातीं हैं. खासकर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोग देश के कोने-कोने से अपने घर आते हैं. चूंकि ट्रेनों में बर्थ पूरी तरह से फुल हैं, भारतीय रेलवे ने यात्रा को सुहाना बनाने के लिए कई रूट पर त्योहारों पर विशेष ट्रेन चलाने का ऐलान किया है.
कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें (Festival Special Train) शुरू भी हो गयी हैं. ये ट्रेनें साप्ताहिक, सप्ताह में तीन बार और सप्ताह में दो बार चलेंगी. कुछ ऐसी ट्रेनें भी चलायी जा रही हैं, जो सप्ताह में पांच दिन चलेंगी. नवंबर में कई ट्रेनें शुरू की जायेंगी. ये ट्रेनें दिसंबर तक चलेंगी.
रेलवे ने कहा है कि वह देश भर में 308 स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है. इनमें से 62 ट्रेनें उत्तर-पश्चिम रेलवे की ओर से चलायी जायेंगी.
दीपावली और छठ पर कोलकाता, पटना, लखनऊ और बरेली जाने वाली नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 300 से अधिक हो गया है. इन ट्रेनों में तत्काल टिकट भी उपलब्ध नहीं है. ऐसे लोगों के लिए अपने घर जाने के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें बेहतर विकल्प हैं. हालांकि, यात्री सीधे अपने गंतव्य तक की यात्रा नहीं कर पायेंगे. कुछ जगहों के लिए उन्हें ब्रेक जर्नी करनी होगी.
उत्तर रेलवे के सीनियर ऑफिसर ने कहा है कि यात्री अगर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों से यात्रा करनवा चाहें, तो उन्हें किसी भी जगह जाने में दिक्कत नहीं होगी. उन्हें इन ट्रेनों में सीटें जरूर मिल जायेंगी. स्पेशल ट्रेनों की पूरी लिस्ट यात्री http://enquiry.indianrail.gov.in पर देख सकते हैं.




