बीजेपी के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुआ की कोरोना से मौत

0
672

जमशेदपुर. पूर्व सांसद व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका आज सुबह 2.50 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के क्रम में स्वर्गवास हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष और जमशेदपुर लोकसभा सीट के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुआ की आज मृत्यु हो गई. गिलुआ कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे. उनके निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित झारखंड के कई बीजेपी नेताओं ने शोक जताया है. झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गिलुआ के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है. आपको बता दें कि झारखंड में सरकार के तमाम दावों के बावजूद कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है. बीते दिनों भी प्रदेश में कोरोना की वजह से एक ही दिन में 149 लोगों की मौत हो गई.

पूर्व बीजेपी सांसद लक्ष्मण गिलुआ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे झारखंड की राजनीति के लिए क्षति बताया है. सोरेन ने ट्वीट करते हुए कहा है, ‘पूर्व सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय लक्ष्मण गिलुवा जी के निधन की सूचना से अत्यंत मर्माहत हूं. वह एक सरल स्वभाव के व्यक्ति थे. झारखण्ड की राजनीति में उनकी कमी हमेशा खलेगी. परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे.’