झांसी: योगी सरकार ने झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया है. अब इसे वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन के नाम से जाना जाएगा. लंबे समय से स्टेशन का नाम बदलने की मांग की जा रही थी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने को लेकर खुशी जाहिर की. उन्होंने ‘वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन’ नाम करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया.
बता दें, गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर बुधवार को राज्य सरकार ने झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने को लेकर अधिसूचना जारी की. रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अब रेल मंत्रालय का आदेश मिलते ही मंडल रेल प्रशासन नाम बदलने की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर देगा.
इसके तहत स्टेशन कोड भी बदला जाएगा. झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का प्रस्ताव तीन महीने पहले गृह मंत्रालय के पास भेजा गया था.
इससे पहले योगी सरकार ने मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर कर दिया था. इसके अलावा, प्रयागराज के भी चार स्टेशनों का नाम बदला गया था. इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी, इलाहाबाद छिवकी और प्रयाग घाट स्टेशन के नाम क्रमश: प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज संगम कर दिया गया है.





