Home State Jharkhand झारखंड में भीषण बारिश, कोल्हान में 10 हजार से अधिक लोग राहत...

झारखंड में भीषण बारिश, कोल्हान में 10 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में भेजे गए

0

चक्रवाती तूफान ‘यास’ के चलते बुधवार को झारखंड में भीषण बारिश हुई। तूफान ने ओडिशा-पश्चिम बंगाल में भी भारी तबाही मचाई। बारिश और 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से लाखों मकान क्षतिग्रस्त हो गए, सैकड़ों गांवों और कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। बिजली के खंभे उड़ गए। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात कमजोर पड़ गया है लेकिन अभी भी झारखंड, बिहार और यूपी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

तूफान बुधवार देर रात कोल्हान में प्रवेश कर गया। इससे पहले इसके प्रभाव से झारखंड में लगातार बारिश होती रही। सबसे ज्यादा असर कोल्हान में दिखा। यहां तेज हवाओं के साथ भीषण बारिश हुए। इसके अलावा रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला समेत आसपास के अन्य जिले में लगातार बारिश होती रही। इस वजह से जन जीवान अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग की मानें तो तूफान के टकराने के बाद कमजोर होने से झारखंड में हवा की गति अब कम रहेगी लेकिन दो दिन तक अच्छी बारिश होगी। बुधवार रात 11.30 बजे के बाद सरायकेला खरसावां से होकर झारखंड में तूफान ने दस्तक दी। दूसरे दिन गुरुवार को सुबह साढ़े सात बजे तूफान डिप्रेशन के तौर पर खूंटी में मौजूद रहेगा। बुधवार को तूफान के प्रभाव में जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 56.0 मिमी और राजधानी रांची में 33.0 मिमी बारिश हुई। डालटनगंज में 8.0 मिमी बारिश हुई। रामगढ़ में 41.4, चाईबासा में 40.2, घाटशिला में 33.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, राजमहल से लेकर देवघर, कोडरमा, हजारीबाग समेत शेष अन्य जिले में बारिश हो रही थी।

कोल्हान में एनडीआरएफ तैनात : हर स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तैनात की गई है। तेज हवा के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा और पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों पर इसका असर देखने को मिला है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 9500 लोगों को तटीय इलाकों से राहत शिविर में भेजा गया। पश्चिमी सिंहभूम में यह संख्या 596 रही। पूर्वी सिंहभूम के पोटका के बीडीओ दिलीप कुमार महतो को आपदा प्रबंधन में लापरवाही के कारण उपायुक्त ने हटा दिया।

चक्रवाती तूफान के झारखंड में दस्तक देने के दूसरे दिन गुरुवार को गढ़वा और डालटनगंज में अति भारी बारिश के आसार हैं। इसको लेकर मौसम केंद्र की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को राज्य के रांची, खूंटी, गुमला, लातेहार, चतरा में भारी बारिश होगी। हजारीबाग और बोकारो में भी भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कोल्हान प्रमंडल के सभी जिले, रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार जिला में में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा का बहाव होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version