Home State Jharkhand इंजीनियर व सीआईडी के अधिकारी ढहे पुल की जांच करने पहुंचे बुंडू,...

इंजीनियर व सीआईडी के अधिकारी ढहे पुल की जांच करने पहुंचे बुंडू, 14 करोड़ की लागत से कांची नदी पर बने पुल पर क्या बोले अधिकारी

0
kanchi-river-bridge

रांची जिले के बुंडू प्रखंड की कांची नदी पर ढहे पुल का जायजा लेने के लिए आज शुक्रवार को इंजीनियरों का दल और सीआईडी विभाग के पदाधिकारी पहुंचे. पुल का निरीक्षण करने के बाद अधीक्षण अभियंता रमाकांत तिवारी एवं कार्यपालक अभियंता बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस पुल का निर्माण लगभग 14 करोड़ की लागत से कराया गया था. संवेदक को निर्माण कार्य 5 वर्ष तक पूर्ण कर देखरेख करना है. क्षतिग्रस्त पुल का सारा खर्च संवेदक से वहन कराया जाएगा. नहीं कराए जाने पर उसको काली सूची में डाला जाएगा.

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया है कि इस मामले में उन्होंने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिये हैं. उनके सेवा काल में भ्रष्टाचार व जनता के पैसों की लटू बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

आपको बता दें कि रांची के बुंडू की कांची नदी पर बने पुल का निर्माण कार्य 2014-15 में शुरू हुआ था. दो हजार सत्रह अट्ठारह में इसका निर्माण पूर्ण हुआ था. अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में गड़बड़ी की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. इधर, सरकार के निर्देश पर सीआईडी विभाग के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार महतो के नेतृत्व में सीआईडी विभाग के अधिकारियों का दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान अभियंताओं से बातचीत कर इसकी स्थिति से दल अवगत हुआ.

रांची जिले के बुंडू प्रखंड की कांची नदी पर तीन साल पहले 14 करोड़ की लागत से बना पुल गुरुवार दोपहर चक्रवाती तूफान को लेकर हो रही बारिश से टूट गया था. पुल का उद्घाटन भी नहीं हुआ था. मामले में विभाग ने जांच के आदेश दिये हैं. यह पुल सरायकेला खरसावां जिले को जोड़ते हुए पश्चिम बंगाल को जोड़ता है. रांची जिले का यह सबसे लंबा पुल बुंडू, तमाड़, सोनाहातू व राहे प्रखंड को भी जोड़ता है. अब लोगों को नदी पार करने के लिए 12 किलोमीटर दूरी तय करनी होगी.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version