Home State Jharkhand बालूमाथ में करमा विसर्जन के दौरान सात बच्चियों की डूबने से हुई...

बालूमाथ में करमा विसर्जन के दौरान सात बच्चियों की डूबने से हुई मौत

0

झारखंड के लातेहार में करमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करमा पूजन के बाद डाली का विसर्जन करने गईं 10 लड़कियों की टोली में से सात लड़कियां शनिवार को तालाब में डूब गईं। सातों लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से छह बच्चियां एक ही परिवार की थीं।  हादसे की जानकारी देते हुए लातेहार के उपायुक्त अबू इमरान ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे के करीब ज़िले के बालूमाथ प्रखंड में शेरागड़ा पंचायत के बुकरू गांव के मननडीह में घटी।

इमरान ने बताया कि सभी लड़कियों के शव तालाब से निकाल लिए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मरने वाली सभी लड़कियों की उम्र  12 वर्ष से 20 के बीच है। उपायुक्त ने बताया कि मौके पर राहत एवं बचाव कार्य के बाद मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और पूरी घटना की जांच उप उपायुक्त सुरेन्द्र वर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि गांव की 10 बच्चियों की टोली करम डाली को लेकर गांव में ही रेलवे लाइन के समीप बने तालाब में विसर्जन करने गई थी।

पेड़ों के पत्तों एवं डालियों से बनी पूजा की डाली का विसर्जन हो ही रहा था कि अचानक दो बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं, उन्हें बचाने के लिए बाकी की पांच लड़कियां भी गईं और सातों लड़कियां डूब गईं। उन्होंने बताया कि तालाब के किनारे खड़ी तीन लड़कियों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण तालाब में उतरे और लड़कियों को निकाला लेकिन तब तक चार लड़कियों की मौत हो चुकी थी। उपायुक्त ने बताया कि तीन लड़कियों की मौत बालूमाथ स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) ले जाने के दौरान हुई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version