प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत (बीरा), उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य अधिकारियों को नयी दिल्ली में श्रद्धांजलि दी. गुरुवार की रात को नयी दिल्ली के पालम एयरबेस पहुंचे और वहां तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सेना के वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किये. इसके बाद मोदी शहीदों के परिजनों से एक-एक कर मिले और उन्हें ढांढस बंधाया।
राजनाथ सिंह और अजित डोभाल ने भी दी श्रद्धांजलि
इससे पहले देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने भी पूर्व सेना प्रमुख जनरल रावत, उनकी पत्नी और सेना के 11 अन्य अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी. बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर जिला में स्थित नीलगिरि के जंगलों में भारतीय वायुसेना का एक उन्नत हेलिकॉप्टर संभवत: खराब मौसम की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
तीनों सेना प्रमुखों ने भी किए अंतिम दर्शन
CDS बिपिन रावत समेत 13 शहीदों के अंतिम दर्शन के लिए तीनों सेना के प्रमुख भी पालम एयरपोर्ट पहुंचे। थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनरल रावत की दोनों बेटियों ने ताबूत पर मत्था टेका
सीडीएस रावत की बेटी बिलख रही हैं। दोनों ने माता-पिता के पार्थिव शरीर को प्रणाम कर ताबूत पर मत्था टेका। उनका रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। जनरल रावत की बड़ी बेटी का नाम कीर्तिका है। कीर्तिका की शादी हो चुकी है और फिलहाल वह मुंबई में रहती हैं। छोटी बेटी का नाम तारिणी है, जो दिल्ली हाईकोर्ट में वकील के तौर पर प्रैक्टिस कर रही हैं।
शुक्रवार को आम लोग दर्शन कर सकेंगे, फिर अंतिम संस्कार
जनरल रावत का अंतिम संस्कार दिल्ली में शुक्रवार को होगा। वहीं, सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली कैंट में शाम 7:15 बजे किया जाएगा। आम जनता सीडीएस कारज मार्ग स्थित आवास पर कल सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दे सकती है। सैन्यकर्मी दोपहर 12:30-13:30 बजे के बीच सम्मान दे सकते हैं। इसके बाद पार्थिव शरीर को दिल्ली कैंट बराड़ स्क्वायर में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
