आमिर खान और करीना कपूर खान स्टारर फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म के रिलीज होने से पहले से ही सोशल मीडिया पर बायकॉट करने की अपील की जा रही थी। लेकिन तब फिल्म की मुख्य कलाकार करीना कपूर खान को इस बायकॉट ट्रेंड से कोई फर्क नहीं पड़ रहा था। उन्होंने अपने कई इंटरव्यूज में बायकॉट ट्रेंड पर बात करते हुए हेटर्स को करारा जवाब दिया था। लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई और ओपनिंग डे पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और पहले दिन सिर्फ 11.50 करोड़ की ओपनिंग मिली तब करीना कपूर खान के सुर बदल गए। उन्होंने फिल्म का बहिष्कार नहीं करने की अपील की। आइए पढ़ते हैं करीना कपूर खान के दोनों बयान। इसके अलावा जानते हैं कि आमिर खान ने फिल्म की रिलीज से पहले और रिलीज के बाद क्या कहा।
रिलीज से पहले दिया जवाब
फिल्म की रिलीज से पहले करीना कपूर ने हेटर्स को जवाब देते हुए कहा था, ‘अक्सर कुछ न कुछ होता रहता है, जिस वजह से एक्टर्स को कुछ न कुछ कहा जाता है, इसलिए मैं ट्विटर पर नहीं हूं’। अभिनेत्री ने कहा ‘मुझे लगता है यह मेरे लिए नहीं है, बल्कि ये उन लोगों के लिए है जो अपनी भड़ास निकालना चाहते हैं’। इतना ही नहीं करीना ने 2020 में नेपोटिज्म पर बात करते हुए कहा था कि “जनता ने ही नेपोटिज्म को बनाया है। आप स्टार किड्स की फिल्में देखने जा रहे हो इसलिए वे फेमस हो रहे हैं। मत जाओ. आपके ऊपर कोई इन फिल्मों को देखने का दवाब नहीं डाल रहा है।”
रिलीज के बाद बदले सुर
लेकिन पहले दिन का कलेक्शन देखने के बाद करीना के सुर बदल गए। उन्होंने ट्रोलिंग पर बात करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि यह केवल लोगों का एक वर्ग है जो ट्रोल कर रहे हैं। लेकिन सच में मुझे लगता है कि फिल्म को जो प्यार मिल रहा है वह बहुत अलग है। ये सिर्फ उन लोगों का एक वर्ग है जो शायद आपके सोशल मीडिया पर हैं, जो शायद 1% के बराबर हैं। लोगों को लाल सिंह चड्ढा का बहिष्कार नहीं करना चाहिए क्योंकि यह एक खूबसूरत फिल्म है। करीना ने कहा कि वह चाहती हैं कि लोग उन्हें और आमिर को एक साथ पर्दे पर देखें। उन्होंने कहा, ‘कृपया इस फिल्म का बहिष्कार न करें, क्योंकि यह वास्तव में अच्छे सिनेमा का बहिष्कार करने जैसा है। करीब ढाई साल तक लगभग 250 लोगों ने इस फिल्म पर काम किया है।’
